रांची
यादव समाज एवं राजद का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड सरकार के श्रम मंत्री संजय प्र. यादव से विधानसभा स्थित उनके मंत्री चैंबर में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने नामकुम खटाल में हाल ही में जोरार बस्ती के लोगों द्वारा किए गए हमले पर विस्तार से चर्चा की और निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में कैलाश यादव, अनीता यादव, बबन यादव, रंजन यादव, मदन यादव, श्यामदास सिंह यादव, अभय सिंह, डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि नामकुम थाना प्रभारी मनोज कुमार और डीएसपी अमर पांडेय की अगुवाई में पुलिस द्वारा खटाल परिवार के निर्दोष लोगों को अपराधियों की तरह परेशान किया जा रहा है और धमकी देकर भय का माहौल बनाया जा रहा है।
घटना का विवरण: होलिका दहन के दिन जोरार बस्ती के लगभग 300 आदिवासी समाज के लोग नामकुम खटाल में घुसकर यादव समाज के लोगों से मारपीट एवं पथराव करने लगे। इस हमले में कई यादव परिवारों के लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इसी दौरान जोरार बस्ती के सोनू मुंडा नामक युवक को चोट लगी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना पर यादव समाज ने दुख व्यक्त करते हुए संवेदना प्रकट की।
मंत्री का आश्वासन: श्रम मंत्री संजय प्र. यादव ने रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा से दूरभाष पर वार्ता कर निर्दोष लोगों को परेशान न करने एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने भी आश्वस्त किया कि किसी निर्दोष व्यक्ति को तंग नहीं किया जाएगा और न ही गलत तरीके से गिरफ्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री से वार्ता की मांग: यादव समाज के प्रतिनिधियों ने मंत्री से अनुरोध किया कि इस विषय पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से चर्चा कर एकतरफा कार्रवाई को रोका जाए एवं राज्य में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। यादव समाज में इस घटना को लेकर व्यापक रोष व्याप्त है।